
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने ग्राम विकास समिति द्वारा संचालित खुशी वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ आत्मीयता और अपनत्व के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। कलेक्टर ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों को अपने हाथों से राखी बांधी और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने बुजुर्गों को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दीं। वहीं वृद्ध महिलाओं को साड़ियां भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
कलेक्टर के इस आत्मीय व्यवहार से वृद्धाश्रम में खुशी और भावुकता का माहौल देखने को मिला। बुजुर्गों ने भी कलेक्टर के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार की सराहना की और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया।
इस दौरान कलेक्टर ने वृद्धाश्रम परिसर में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर का भी अवलोकन किया। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर राधा-कृष्ण के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने वृद्धजनों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य, भोजन, रहन-सहन और दैनिक आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने वृद्धाश्रम के कमरों एवं पूरे परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। संस्था द्वारा बुजुर्गों की देखभाल और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना करते हुए कलेक्टर ने उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर खुशी वृद्धाश्रम के संस्था संचालक श्री प्रभाकर द्विवेदी सहित संस्था के कर्मचारी उपस्थित रहे। संस्था की ओर से कलेक्टर का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
रक्षाबंधन के अवसर पर कलेक्टर का वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ समय बिताना प्रशासन की संवेदनशीलता, मानवीय सरोकार और बुजुर्गों के प्रति सम्मान का संदेश देता नजर आया। इस दौरान वृद्धाश्रम में मौजूद बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और अपनत्व की भावना साफ दिखाई दी।


