
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले के बलरामपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़की महरी में विकास कार्यों एवं शासकीय मद की राशि के कथित दुरुपयोग को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंचायत में कई कार्यों के नाम पर राशि का आहरण किया गया, लेकिन मौके पर संबंधित कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं।
कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र में पंचायत भवन की मरम्मत के नाम पर वर्ष 2026 में करीब 51,200 रुपये आहरित किए जाने का उल्लेख है। शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद भी करीब 53,150 रुपये तथा 28 जून 2026 को 51,200 रुपये की राशि निकाली गई, जबकि मौके पर स्वीकृत राशि के अनुरूप काम दिखाई नहीं दे रहा है।
इसी तरह बड़की महरी आजाद घर से चेरवापारा स्कूल पहुंच मार्ग तक सड़क मुरमीकरण के नाम पर करीब 4 लाख 95 हजार रुपये के भुगतान/आहरण का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि संबंधित कार्य धरातल पर नहीं कराया गया है।

शिकायत में सड़क किनारे झाड़ी सफाई के नाम पर भी अलग-अलग तारीखों में राशि आहरित किए जाने का आरोप है। इसके तहत 23 जून को 49,560 रुपये, 4 जून को 45 हजार रुपये तथा 3 जुलाई 2026 को 49,500 रुपये आहरित किए जाने का उल्लेख है। शिकायतकर्ता का दावा है कि इन कार्यों को भी मौके पर कराया नहीं गया।
इसके अलावा गौठान परिसर में शेड निर्माण के नाम पर 64,800 रुपये तथा करीब 7,180 रुपये की राशि निकाले जाने, लेकिन स्वीकृत राशि के अनुरूप कार्य नहीं होने का आरोप लगाया गया है। वहीं कुछ ग्रामीणों के घरों के पास नल/नलकूप खनन के नाम पर करीब एक-एक लाख रुपये आहरित किए जाने का भी शिकायत में उल्लेख है, जबकि मौके पर नल या संबंधित कार्य मौजूद नहीं होने की बात कही गई है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पंचायत में विकास कार्यों एवं शासकीय मद की राशि का वास्तविक कार्यों में उपयोग किए बिना कागजी कार्रवाई के आधार पर भुगतान किए जाने की आशंका है। उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पंचायत में वास्तव में कितनी राशि आहरित हुई और संबंधित कार्य मौके पर कराए गए हैं या नहीं।



