28 अक्टूबर को चिरंई आएंगे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट; कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों में तेजी लाने के दिए निर्देश।
डेस्क_बलरामपुर@ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 28 अक्टूबर को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चिरंई में आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हेलीपैड, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा विभागीय समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि कार्यक्रम सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनमोल विवेक टोप्पो, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।