कलेक्टर ने प्राथमिक शाला जशवंतपुर का किया निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर दिया जोर!
डेस्क_बलरामपुर@ कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज प्राथमिक शाला जशवंतपुर का अवलोकन कर विद्यालय में संचालित पाठ्यक्रम, अध्यापन व्यवस्था और विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से कक्षावार पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली।

कलेक्टर ने कहा कि प्राथमिक स्तर पर मजबूत शैक्षणिक नींव ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और कक्षाओं में शत-प्रतिशत सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक बच्चा सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल हो सके।
उन्होंने शिक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करने, नियमित उपस्थिति बनाए रखने और समय-सारणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि अनुशासित एवं व्यवस्थित अध्यापन से ही विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी एवं अनुविभागीय अधिकारी अनमोल विवेक टोप्पो उपस्थित रहे।