विभिन्न खेल स्पर्धाओं में जिलेभर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए दी गई शुभकामनाएं!
डेस्क_बलरामपुर@ जिला प्रशासन बलरामपुर-रामानुजगंज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का बुधवार को गरिमामय समापन हुआ। समापन समारोह में विभिन्न खेल स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

03 से 05 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों के जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिका, महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन सेजेस हिंदी माध्यम विद्यालय खेल मैदान, इंडोर हॉल पुलिस लाइन, कृषि विज्ञान केंद्र जाबर, मिशन स्कूल तथा एकलव्य विद्यालय भेलवाडीह के खेल मैदानों में किया गया।
प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 और 200 मीटर दौड़ के जूनियर बालक वर्ग में कुसमी के उमेश ने दोहरी जीत दर्ज की। वहीं सीनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रामचन्द्रपुर के जितेन्द्र तथा 200 मीटर में बलरामपुर के धीरज सिंह प्रथम रहे। 400 मीटर दौड़ में शंकरगढ़ के कुलदीप तथा बलरामपुर के सुनील कुमार और निर्मला ने बाजी मारी। शंकरगढ़ के प्रवीण पैकरा ने भाला फेंक और लंबी कूद दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कुसमी की मुस्कान तिर्की ने सीनियर बालिका वर्ग में गोला फेंक और भाला फेंक में पहला स्थान प्राप्त किया।

वॉलीबॉल के सीनियर बालक वर्ग में राजपुर तथा सीनियर महिला वर्ग में वाड्रफनगर की टीम विजेता रही। रस्साकसी के सीनियर महिला वर्ग में शंकरगढ़ ने जीत दर्ज की, जबकि बैडमिंटन के एकल और युगल मुकाबलों में बलरामपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
दूसरे दिन तीरंदाजी प्रतियोगिता में वाड्रफनगर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 30 और 50 मीटर की अधिकांश व्यक्तिगत स्पर्धाओं सहित सभी टीम स्पर्धाओं में वाड्रफनगर के खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान हासिल किया। रागिनी नेताम और सुमन सिंह ने दोनों दूरियों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खो-खो में वाड्रफनगर ने तीन वर्गों में तथा रामचन्द्रपुर ने जूनियर बालिका वर्ग में खिताब अपने नाम किया। बास्केटबॉल के जूनियर वर्ग में बलरामपुर और सीनियर वर्ग में वाड्रफनगर विजेता रहा। बालिका फुटबॉल के दोनों वर्गों में शंकरगढ़ की टीम ने जीत दर्ज की। कुश्ती में शंकरगढ़ के पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में सर्वाधिक पदक हासिल किए, जबकि कराटे में वाड्रफनगर के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर रहा। प्रतियोगिता के अंतिम दिन कबड्डी और हॉकी के रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने का सशक्त मंच है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने और बलरामपुर जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों, निर्णायकगण, प्रशिक्षकों सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।