डेस्क_बलरामपुर@ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चांदो थाना क्षेत्र में बोलेरो वाहन की स्टेपनी टायर ड्रम चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया स्टेपनी टायर ड्रम बरामद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सतेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने थाना चांदो में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि 04 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे उन्होंने अपनी बोलेरो वाहन क्रमांक CG 30 J 2445 को घर के बाहर शेड में कवर से ढककर खड़ा किया था। सुबह करीब 5 बजे उठकर देखा तो वाहन में लगा स्टेपनी टायर ड्रम सहित गायब था। अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीप त्रिपाठी एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी याकूब मेमन के दिशा-निर्देश में पुलिस टीम ने कबाड़ी दुकानों, पंचर दुकानों एवं फेरी लगाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की। इसी दौरान आरोपी आसीफ रजा की दुकान में छिपाकर रखा गया चोरी का स्टेपनी टायर ड्रम बरामद हुआ।
पूछताछ में आसीफ रजा ने अपने साथी कादिर अंसारी एवं उदयचंद कोरवा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. आसीफ रजा (21 वर्ष), निवासी इदरीकला, थाना चांदो।
2. कादिर अंसारी (31 वर्ष), निवासी इदरीकला, थाना चांदो।
3. उदयचंद कोरवा (36 वर्ष), निवासी इदरीकला, थाना चांदो।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार नेताम, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार एक्का, प्रधान आरक्षक संजय एक्का एवं आरक्षक क्रमांक 1209 मुकेश सिदार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।