![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ बलरामपुर जिले के थाना रघुनाथनगर क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बगईनार निवासी राम प्रसाद सिंह 13 मई को जनकपुर साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने गया था.. रात करीब 9 से 10 बजे के बीच बाजार से वापस लौटते समय जनकपुर निवासी बंधू सिंह आयाम ने पीछे से टांगी (कुल्हाड़ी) से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया.. हमले के बाद राम प्रसाद मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़ा..
घटना को देख मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद घायल को इलाज के लिए अंबिकापुर भेजा गया.. उपचार के दौरान 14 मई को उसकी मौत हो गई.. मामले में मृतक के भाई की रिपोर्ट पर थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई..
पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल की जांच की और आरोपी की तलाश शुरू की.. आज 15 मई को पुलिस ने आरोपी बंधू सिंह आयाम (36 वर्ष), निवासी जनकपुर को जंगल से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया गया है..
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते उसने राम प्रसाद पर टांगी से हमला कर उसकी हत्या कर दी.. घटना के बाद आरोपी हथियार को झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गया था.. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की टांगी भी बरामद कर ली है..
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे रामानुजगंज जेल भेज दिया गया..