![]()
संजय गुप्ता/ बलरामपुर@ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बलरामपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.. इस अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, हाट-बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में चलित थाना लगाकर लोगों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी जा रही है..
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार जून से 31 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.. पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है..

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारी और कर्मचारी आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्हें भारत के लौह पुरुष के प्रेरणादायी जीवन, राष्ट्रीय एकता और अखंडता में उनके योगदान से अवगत करा रहे हैं.. साथ ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), नए आपराधिक कानूनों में हुए बदलाव, नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों तथा कानूनों के पालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी जा रही हैं..
पुलिस द्वारा आयोजित चलित थाना कार्यक्रमों में लोगों की समस्याएं भी सुनी जा रही हैं तथा उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है.. इसके अलावा साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है..
पुलिस विभाग के अनुसार अब तक जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से 3 हजार से अधिक नागरिक लाभान्वित हो चुके हैं.. आम लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है..
बलरामपुर पुलिस ने नागरिकों से कानून संबंधी जानकारी प्राप्त करने, जागरूक बनने तथा समाज में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है..