![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चलगली थाना पुलिस ने कोयला तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत धारा 318, 338, 336 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है..
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 मार्च 2026 की रात चलगली थाना स्टाफ ग्राम डोंगरी में रात्रि गश्त एवं पेट्रोलिंग पर था.. इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे सड़क किनारे ट्रेलर वाहन क्रमांक CG 13 AL 4354 लावारिस हालत में खड़ा मिला, जिसमें भारी मात्रा में कोयला लोड था.. पुलिस ने वाहन को जब्त कर जांच शुरू की..

जांच के दौरान ट्रेलर चालक द्वारा कोयले से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, लेकिन सत्यापन में दस्तावेज फर्जी और कूटरचित पाए गए.. मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की.. पूछताछ में सामने आया कि ट्रांसपोर्टर आफताब आलम द्वारा लगभग 32 टन कोयला मंगाया गया था, जिसे ग्राम डोंगरी लाया जा रहा था..
मामले में पुलिस ने आरोपी चालक अक्षय कुमार पिता रामकुमार निवासी ग्राम लांची थाना सूरजपुर, ट्रांसपोर्टर आफताब आलम पिता गुलाब बेग निवासी बोड़िया थाना छाल जिला रायगढ़ तथा वाहन मालिक विनोद नायक पिता चेतन नायक निवासी नवापारा थाना छाल जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया..
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 12 मई 2026 को विधिवत कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है..
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध कोयला परिवहन और तस्करी में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है..