![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिला मुख्यालय के नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है.. शहर में आधुनिक मुक्ति धाम के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है, जिससे नगरवासियों में खुशी और संतोष का माहौल है.. क्षेत्रीय विधायक एवं कृषि मंत्री राम विचार नेताम की पहल पर राज्य शहरी विकास अभिकरण द्वारा वार्ड क्रमांक 2 स्थित सिंदूर नदी के पास मुक्ति धाम निर्माण के लिए 62 लाख 30 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है.. यह परियोजना नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है..
गौरतलब है कि बलरामपुर, जो समय के साथ ग्राम पंचायत से नगर पंचायत, नगर पालिका और अब जिला मुख्यालय के रूप में विकसित हुआ है, वहां अब तक मुक्ति धाम जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव था.. इसको लेकर लंबे समय से जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा मांग की जा रही थी..
निर्माण कार्य में सबसे बड़ी बाधा प्रस्तावित स्थल पर वन विभाग की भूमि होना था.. इस समस्या के समाधान के लिए रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षद गौतम सिंह, अमित गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय पहल की.. कलेक्टर राजेन्द्र कटारा और डीएफओ आलोक वाजपेयी के साथ समन्वय कर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं, जिसके बाद भूमि उपलब्ध हो सकी..
नगरपालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का ने इस स्वीकृति के लिए मंत्री राम विचार नेताम, जिला प्रशासन और वन विभाग का आभार जताया.. उन्होंने कहा कि मुक्ति धाम बनने से नगरवासियों को स्वच्छ, व्यवस्थित और सम्मानजनक अंतिम संस्कार स्थल मिलेगा, जिससे वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा..
मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रणव राय ने बताया कि जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाएगा.. इस निर्णय के बाद पूरे शहर में उत्साह का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि यह बहुप्रतीक्षित योजना जल्द ही धरातल पर उतरकर बलरामपुर को एक नई सुविधा प्रदान करेगी..