![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर द्वारा गुरुवार को राजीव भवन में प्रेस वार्ता आयोजित कर केंद्र सरकार पर छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया गया। प्रेस वार्ता में नीट परीक्षा पेपर लीक, विभिन्न प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी तथा बेरोजगार युवाओं के साथ हो रहे अन्याय जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष की अनुपस्थिति में कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों ने युवाओं का भरोसा तोड़ दिया है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समीर सिंह देव एवं संजीत राजा चौबे ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें निराशा और अनिश्चितता की ओर धकेल रही है। कई भर्ती प्रक्रियाएं वर्षों से लंबित हैं, जिससे लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार हो रही अनियमितताओं के कारण छात्रों और युवाओं में आक्रोश व्याप्त है। सरकार को परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला उपाध्यक्ष प्रशांत विश्वास (छोटू बंगाली), रिपुजित सिंह देव, कृपा शंकर, प्रेमसागर सिंह, नवीन गुप्ता, बुद्धदेव पोया, अरुण दास, रीना कुजूर, संतन भगत, कर्मदयाल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आगामी दिनों में जन आंदोलन को और तेज करेगी तथा युवाओं की आवाज को सड़क से सदन तक उठाएगी।