![]()
ग्रामीणों ने बचाने का किया प्रयास, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई !
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम बड़कीमहरी में रविवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जंगल से भटककर बस्ती में पहुंचे एक हिरण की आवारा कुत्तों के हमले में मौत हो गई। घटना से ग्रामीणों में दुख का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जंगल से रास्ता भटककर एक हिरण बस्ती की ओर आ गया। इसी दौरान वहां मौजूद आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने हिरण को बुरी तरह नोच-नोचकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर हिरण को बचाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही अत्यधिक चोट और अधिक रक्तस्राव के कारण हिरण ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद वन विभाग की टीम ने मृत हिरण को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के जंगलों से अक्सर वन्यजीव भोजन और पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। ऐसे में वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।