![]()
हरकीरत सिंह(बॉबी)/सीतापुर@ केरजू प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में कथित फर्जी केसीसी ऋण और तत्कालीन प्रबंधक स्वर्गीय दिनेश गुप्ता की आत्महत्या के मामले में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल निराला ने एसडीओपी सीतापुर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि मामले की जांच केवल कुछ व्यक्तियों तक सीमित न रखकर उस समय जिम्मेदार रहे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जाए। साथ ही ऋण स्वीकृति अभिलेख, ऑडिट रिपोर्ट, डिजिटल अनुमोदन रिकॉर्ड और विभागीय पत्राचार की जांच कर किसी भी स्तर पर लापरवाही, मिलीभगत अथवा कर्तव्य में चूक की जिम्मेदारी तय की जाए।
अनिल निराला ने स्वर्गीय दिनेश गुप्ता पर किसी प्रकार के मानसिक दबाव या प्रताड़ना की आशंका की भी निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यह मामला किसानों के विश्वास और एक व्यक्ति की असामयिक मृत्यु से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने वास्तविक दोषियों की जवाबदेही तय करने और अब तक की कार्रवाई से अवगत कराने की मांग की है।