![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब ऑनलाइन चालान प्रणाली लागू कर दी गई है.. पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में 28 फरवरी से जिले में “ई-चालान” व्यवस्था की शुरुआत की गई है.. प्रथम चरण में बलरामपुर, रामानुजगंज और वाड्रफनगर थाना क्षेत्रों में औपचारिक रूप से ऑनलाइन चालान की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है.. इसके बाद पूरे जिले में इस प्रणाली को लागू किया जाएगा..
पुलिस प्रशासन के अनुसार सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की गई है.. अब यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर मौके पर ही डिजिटल माध्यम से चालान जारी किया जाएगा.. चालान का भुगतान नगद, ऑनलाइन (बारकोड अथवा यूपीआई) तथा कार्ड के माध्यम से किया जा सकेगा.. ई-चालान प्रणाली से चालान प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और नागरिकों को भुगतान में सुविधा मिलेगी.. पेपरलेस प्रक्रिया से समय की बचत होगी तथा रिकॉर्ड संधारण भी सरल और व्यवस्थित होगा..

यातायात प्रभारी विमलेश देवांगन ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.. उन्होंने दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य उपयोग करने, वाहन के सभी दस्तावेज साथ रखने तथा नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की समझाइश दी है..
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन चालान प्रणाली का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है..
