![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर स्थित ओरसा घाट के समीप हुई भीषण बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों एवं घायलों को राहत प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है.. स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के कृषि मंत्री राम विचार नेताम की पहल पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुआवजा राशि को तत्काल स्वीकृति दी..
सरकारी निर्णय के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को प्रति मृतक 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी, जबकि घायलों को प्रति व्यक्ति 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी.. मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न हो तथा उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए..
उल्लेखनीय है कि 18 जनवरी 2026 को हुई इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में कई यात्रियों की मौत हुई थी और अनेक लोग घायल हुए थे.. हादसे की सूचना मिलते ही कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने मुख्यमंत्री से संपर्क कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी और प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल सहायता की अनुशंसा की..
कृषि मंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत हृदयविदारक हादसा है.. राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव शासकीय मदद सुनिश्चित की जा रही..
