![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ सुशासन को आमजन तक पहुंचाने और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जा रहा है.. इसी क्रम में मंगलवार को विकासखंड बलरामपुर के ग्राम पंचायत महाराजगंज में जिले का पहला जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया.. जन समस्या निवारण शिविर की शुरुआत कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने दीप प्रज्वलित कर की..
शिविर में महाराजगंज, जरहाडीह, पुटसुरा, राधाकृष्णनगर, झलपी सौनी, कोटपाली, भैंसामुड़ा, कृष्णनगर एवं सागरपुर पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे.. ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिनका संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है..

शिविर स्थल पर आमजनों की सुविधा के लिए पंजीयन काउंटर स्थापित किया गया था, जहां लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए.. स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई..
इस अवसर पर कलेक्टर राजेंद्र कटारा एवं जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का अवलोकन किया.. आवास हितग्राहियों को आवास प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा एक हितग्राही को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किया गया..
शिविर के दौरान 4 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं 3 शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया.. महिलाओं को पोषण आहार, मातृ स्वास्थ्य जांच एवं संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक किया गया, वहीं शिशुओं के अभिभावकों को पोषण, टीकाकरण और देखभाल संबंधी जानकारी दी गई..

कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर पूर्व में प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है.. राज्य स्तर के मामलों को शासन को भेजा जाएगा, जबकि जिला स्तर के प्रकरणों का समाधान स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके.. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों की स्थिति की जानकारी संबंधित आवेदकों तक अवश्य पहुंचाई जाए..
उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय सीधे अस्पताल में इलाज कराना चाहिए.. डॉग बाइट के मामलों में समय पर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाना अत्यंत आवश्यक है, जो सभी अस्पतालों में उपलब्ध है..
जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाएं सीधे लोगों तक पहुंच रही हैं और समस्याओं का त्वरित निराकरण संभव हो रहा है.. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बिजली समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा रहा है तथा खेल मैदान निर्माण और सौनी से कोटपाली तक सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है..

जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा ने कहा कि सुशासन तिहार आम जनता के लिए अपनी समस्याएं रखने और उनका समाधान प्राप्त करने का बेहतर मंच है.. शिविर में स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं.. ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप एवं शुगर जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया.. साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई..
इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कृष्णा गुप्ता, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम अभिषेक गुप्ता, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष बलरामपुर दिलीप सोनी, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे..