![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ वाड्रफनगर विश्राम गृह में उद्यानिकी शिक्षा एवं कृषि आधारित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.. बैठक में उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, विजयनगर-रामानुजगंज की स्थापना तथा पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट एंड प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी केंद्र, पचावल-सनावल के लिए भूमि आबंटन संबंधी समस्याओं के निवारण पर विस्तार से चर्चा की गई..
जानकारी के अनुसार उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र की अनुमानित लागत 14 करोड़ रुपये तथा पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट एंड प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी केंद्र की अनुमानित लागत 25 करोड़ रुपये बताई गई है.. बैठक में महाविद्यालय के अधिष्ठाता, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं सहायक पशु शल्यज्ञ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.. बैठक के दौरान महाविद्यालय एवं केंद्र की स्थापना हेतु उपयुक्त भूमि के चयन, उपलब्ध संसाधनों और आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया..
अधिकारियों ने भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना का कार्य जल्द प्रारंभ हो सके..
अधिकारियों ने कहा कि इन संस्थानों की स्थापना से क्षेत्र में उद्यानिकी शिक्षा एवं अनुसंधान को नई दिशा मिलेगी.. साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल प्रसंस्करण और भंडारण संबंधी उन्नत जानकारी प्राप्त होगी.. इससे कृषि आधारित रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे तथा क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलने की उम्मीद है..