
स्वतंत्रता दिवस एवं शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट विद्यालयों, विद्यार्थियों और पालकों का हुआ सम्मान !
संजय गुप्ता/राजपुर@ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकासखंड राजपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं विकासखंड स्तरीय शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर में आयोजित समारोह में शैक्षणिक एवं खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों, विद्यार्थियों और उनके पालकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जनपद पंचायत राजपुर के जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल की विशेष पहल एवं सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय राजपुर में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्रनायकों को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया। इसके बाद अधिकारी-कर्मचारी एवं आमंत्रित अतिथि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर पहुंचे, जहां शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह आयोजित हुआ।

100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम वाले विद्यालय हुए सम्मानित!
समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यालयों तथा प्रयास आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों का चयन कराने वाली शालाओं को शाल, श्रीफल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विकासखंड स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की सफलता में पालकों के योगदान को देखते हुए उनके पालकों को भी शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
खेल प्रतिभाओं का भी बढ़ाया गया उत्साह!
शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में विकासखंड, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके पालकों को शाल एवं श्रीफल भेंट किए गए। सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों और पालकों में विशेष उत्साह एवं गौरव का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उनकी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मंच, सम्मान और प्रोत्साहन देने की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल पुरस्कार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए दिया जाने वाला विश्वास और प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और विद्यालयों का सम्मान करने से उनका मनोबल बढ़ता है तथा दूसरे विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्होंने शहीदों के त्याग और बलिदान को याद करना प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व बताया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी!
समारोह में भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव, विधायक प्रतिनिधि शिवनाथ जायसवाल, गोपालपुर के अनिल दुबे, जनपद सदस्य सुमित्रा सांडिल्य, ग्राम पंचायत गोपालपुर की सरपंच मीना बाई, उप सरपंच सोनिया कुजूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत राजपुर, विकासखंड के समस्त प्राचार्य, संकुल समन्वयक तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अतिथियों ने सम्मानित विद्यार्थियों, विद्यालयों एवं पालकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अतिथियों ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां पूरे विकासखंड के लिए गौरव का विषय हैं। सार्वजनिक रूप से प्रतिभाओं का सम्मान करने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विकासखंड शिक्षा कार्यालय राजपुर के अधिकारी-कर्मचारियों, प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों, शिक्षकों एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में आयोजक आकाश अग्रवाल एवं विकासखंड शिक्षा कार्यालय राजपुर की ओर से सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



