![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ बलरामपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंदूर नदी किनारे मिले अंधे कत्ल ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी रेत से ढकी एक अज्ञात लाश, कोई पहचान नहीं, कोई सुराग नहीं—लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच ने कुछ ही दिनों में इस रहस्यमयी हत्या की परतें खोल दीं..
शुक्रवार सुबह सिंदूर नदी के किनारे जब ग्रामीणों ने रेत में दबा शव देखा, तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.. शुरुआती तौर पर मामला अंधे कत्ल का लग रहा था.. लेकिन विवेचना जैसे-जैसे आगे बढ़ी, चौंकाने वाले तथ्य सामने आने लगे..

पुलिस जांच में मृतक की पहचान दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ CAF के प्रधान आरक्षक विश्वनाथ केरकेट्टा के रूप में हुई.. पहचान होते ही पुलिस ने मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्कों को खंगालना शुरू किया.. यहीं से कहानी ने खतरनाक मोड़ ले लिया..
जांच में सामने आया कि विश्वनाथ एक प्रेम प्रसंग में उलझा हुआ था, जो धीरे-धीरे विवाद और फिर हत्या की वजह बन गया.. बलरामपुर एसपी के अनुसार, इस जघन्य हत्या को विवेक टोप्पो और क्लास्टिका केरकेट्टा ने मिलकर अंजाम दिया.. प्रेम संबंधों में पैदा हुए तनाव और शक ने दोनों को इस हद तक पहुंचा दिया कि उन्होंने एक CAF जवान की जान ले ली..

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सिंदूर नदी किनारे ले जाकर रेत से ढक दिया, ताकि पहचान न हो सके और मामला दब जाए.. लेकिन पुलिस की साइबर सेल ने कॉल डिटेल्स, लोकेशन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कड़ियों को जोड़ा और आखिरकार आरोपियों तक पहुंच गई..

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.. पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.. फिलहाल मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच जारी है..
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि प्रेम प्रसंग जब शक, गुस्से और साजिश में बदल जाए, तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है.. CAF के जवान की यह हत्या सिर्फ एक क्राइम नहीं, बल्कि भरोसे और रिश्तों के टूटने की दर्दनाक कहानी बन गई है..
