![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ दीनहीन सेवा समिति की अध्यक्षा श्रीमती मनीषा सिंह को भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी का राज्य समन्वयक नियुक्त किया गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इसे जनसेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
श्रीमती मनीषा सिंह लंबे समय से स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल एवं समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके नेतृत्व में आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा हजारों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इन शिविरों से बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को लाभ मिला है।
मानव सेवा के साथ-साथ उन्होंने नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता बढ़ाने में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने आदिवासी एवं पिछड़े अंचलों के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा पे चर्चा, व्यक्तित्व विकास, मोटिवेशनल सत्र तथा तनाव एवं चिंता मुक्ति जैसे कार्यक्रमों का सफल आयोजन कराया, जिससे विद्यार्थियों, युवाओं और अभिभावकों को निरंतर लाभ मिला है।
दीनहीन सेवा समिति की अध्यक्षा के रूप में श्रीमती मनीषा सिंह समाज के वंचित, जरूरतमंद एवं आदिवासी समुदायों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और सामाजिक सरोकारों से जुड़े उनके कार्यों की व्यापक सराहना होती रही है।
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की छत्तीसगढ़ राज्य शाखा में राज्य समन्वयक के रूप में उनकी नियुक्ति को उनकी सेवा भावना, समर्पण और सामाजिक योगदान का सम्मान माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि उनके नेतृत्व में रेडक्रॉस की जनहितकारी गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, आपदा राहत, नेत्रदान, अंगदान और देहदान जैसे अभियानों का और अधिक विस्तार होगा।