![]()
संजय गुप्ता/ बलरामपुर@ जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतरापारा में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पतरापारा निवासी प्रमोद कुमार टेकाम (22 वर्ष) ने थाना राजपुर में मर्ग सूचना दर्ज कराई कि उसकी परिजन मानती टेकाम (33 वर्ष) एवं उनकी पुत्री कुमारी विमला टेकाम (14 वर्ष) खेत में कार्य करने गई थीं। दोपहर लगभग 2:10 बजे अचानक मौसम खराब होने के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों खेत के पास स्थित एक सेमर के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं।

इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिर गई, जिसकी चपेट में आने से मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना इतनी भयावह थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है तथा पंचनामा एवं अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
इस हृदयविदारक घटना से ग्राम पतरापारा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस की अपील
राजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा, गरज-चमक एवं आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों या बिजली गिरने की आशंका वाले स्थानों पर शरण न लें। ऐसे समय सुरक्षित भवनों या सुरक्षित स्थानों में ही रहें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।