![]()
संजय गुप्ता/वाड्रफनगर@ बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड में पदस्थ एक प्रधान पाठक को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शासकीय नौकरी प्राप्त करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है.. जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले में जांच रिपोर्ट सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की है..
जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कोल्हुआ प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक लालमन सिंह के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों द्वारा शिकायत की गई थी.. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि लालमन सिंह ने फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज तैयार कर शासकीय सेवा प्राप्त की है.. मामले की शिकायत कलेक्टर बलरामपुर-रामानुजगंज से भी की गई थी..
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा मामले की जांच कराई गई.. जांच के दौरान दस्तावेजों एवं ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए.. जांच प्रतिवेदन में शिकायत सही पाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने लालमन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया..
आदेश के अनुसार जांच में यह तथ्य सामने आया कि लालमन सिंह द्वारा गलत तरीके से शासकीय नौकरी प्राप्त की गई, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है.. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, रामचंद्रपुर निर्धारित किया गया है.. साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिए जाने का प्रावधान किया गया है..
मामले में विभागीय जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी..