![]()
हरकीरत सिंह(बॉबी) सीतापुर@ यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ देने के उद्देश्य से निर्मित नया बस स्टैंड आज अपनी बदहाल स्थिति के कारण सवालों के घेरे में है। महज़ एक-दो घंटे की बारिश के बाद ही बस स्टैंड परिसर में टखनों तक पानी भर जाता है, जिससे यात्रियों, बस चालकों और कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बस स्टैंड के अंदर साफ़-सफाई की स्थिति भी बेहद चिंताजनक बताई जा रही है। शौचालय और मूत्रालय नियमित सफ़ाई के अभाव में दुर्गंध से भरे रहते हैं। यात्रियों का कहना है कि स्थिति ऐसी है कि वहाँ कुछ मिनट रुकना भी मुश्किल हो जाता है। गंदगी और बदबू के कारण स्वास्थ्य संबंधी खतरे की आशंका भी बनी रहती है।

बस स्टैंड पर वाहन बुकिंग का कार्य करने वाले एजेंटों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि हर बारिश के बाद यही हालात बन जाते हैं, जबकि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए बस स्टैंड से लोगों को बेहतर सुविधाओं की उम्मीद थी।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि हल्की बारिश में ही नए बस स्टैंड की यह स्थिति है, तो बरसात के पूरे मौसम में यात्रियों को किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा?
प्रशासन और संबंधित विभाग से स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि जल निकासी व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, नियमित साफ़-सफाई सुनिश्चित की जाए और यात्रियों को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ।