![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आज 18 जनवरी 2026 को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा स्कूली बसों की विशेष जांच अभियान चलाया गया.. यह कार्रवाई थाना शंकरगढ़, वाड्रफनगर एवं रामानुजगंज के हाई स्कूल मैदान में आयोजित की गई, जहां कुल 52 स्कूली बसों की जांच की गई..
यह अभियान पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक चल रहे सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित किया गया.. जांच के दौरान बसों के पंजीयन प्रमाण पत्र, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, चालक लाइसेंस एवं स्पीड गवर्नर सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई.. साथ ही हेडलाइट, ब्रेक, टायर, स्टेयरिंग, वाइपर, हॉर्न, सीट एवं अन्य यांत्रिक फिटनेस बिंदुओं की भी पड़ताल की गई..

माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा स्कूल बसों के लिए जारी दिशा-निर्देशों के पालन की भी जांच की गई.. इसमें बस का पीले रंग में होना, आगे-पीछे “स्कूल बस” लिखा होना, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, स्पीड गवर्नर, बस में अटेंडर की व्यवस्था, खिड़कियों में जाली, सुरक्षित दरवाजे एवं नियमित मेंटेनेंस जैसे बिंदु शामिल रहे..
जांच के दौरान 6 बसों में परमिट, लाइसेंस एवं पीयूसी जैसी कमियां पाई गईं, जिन पर कुल 11,500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई.. वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई.. साथ ही उच्च रक्तचाप व मधुमेह से ग्रसित चालकों को नियमित दवा सेवन एवं कमजोर दृष्टि वाले चालकों को चश्मा पहनने की सलाह दी गई.. अभियान के अंत में यातायात प्रभारी द्वारा सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई.. संयुक्त निरीक्षण में परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं संबंधित थानों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे..
