![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवकी में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मकान से कई दिनों से आ रही तेज दुर्गंध का राज खुला। घर के भीतर अकेले रह रहे एक बुजुर्ग का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मंगलवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9 बजे मृतक अशोक केशरी के पड़ोसी ने उनके दामाद डल्लू केशरी को फोन कर बताया कि घर से असहनीय दुर्गंध आ रही है। आशंका होने पर दामाद तुरंत मौके पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने घर का दरवाजा खोला, अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। अशोक केशरी का शव घर के भीतर पड़ा था और शव पूरी तरह सड़-गल चुका था।
घटना की सूचना तत्काल राजपुर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और प्रारंभिक जांच शुरू की। मंगलवार सुबह फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के अनुसार शव की स्थिति से प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि बुजुर्ग की मौत करीब 5 से 6 दिन पहले हो चुकी थी। शव में कीड़े पड़ चुके थे, जिससे मौत काफी पुरानी होने की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल गांव में इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।