![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य समापन समारोह रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान में संपन्न हुआ.. 10 से 12 फरवरी 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय इस खेल महोत्सव में जिले के ग्रामीण एवं शहरी अंचलों की प्रतिभाओं को एक साझा मंच मिला..
समारोह के दौरान कृषि मंत्री नेताम ने खेल मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.. उन्होंने शंकरगढ़ एवं बलरामपुर के मध्य आयोजित बालिका रस्साकसी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका मनोबल बढ़ाया.. तीरंदाजी प्रतियोगिता का अवलोकन करते हुए स्वयं भी तीरंदाजी में हाथ आजमाया.. इस अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को शील्ड एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया..

खेल प्रतिभाओं को मिला नया मंच :
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री नेताम ने कहा कि विकासखंड से लेकर जिला स्तर तक सरगुजा ओलंपिक का सुव्यवस्थित आयोजन किया गया है.. यह पहल विशेष रूप से आदिवासी अंचल के युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम बनी है.. उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को संभाग एवं राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर अभ्यास करने की प्रेरणा दी..
कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया.. जिला स्तर से पूर्व विकासखंड स्तर पर भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया.. चयनित खिलाड़ियों ने तीन दिनों तक उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया..

12 खेल विधाओं में हुई प्रतियोगिताएं :
जिला स्तरीय ओलंपिक में कुल 12 खेल विधाओं का आयोजन किया गया.. व्यक्तिगत खेलों में एथलेटिक्स (100, 200, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, 400 मीटर रिले), तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, कुश्ती एवं कराटे शामिल रहे..
दलीय खेलों में फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी एवं बास्केटबॉल का आयोजन किया गया..
प्रतियोगिताएं जूनियर वर्ग (14–17 वर्ष) एवं सीनियर वर्ग (18 वर्ष से अधिक) में आयोजित की गईं.. जिले भर से पंजीकृत कुल 67,380 प्रतिभागियों ने इस खेल महोत्सव में भाग लिया..

जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की रही उपस्थिति :
समापन समारोह में पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, नगरपालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानूप्रकाश दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे..
साथ ही पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम अभिषेक गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. यादव, जिला खेल अधिकारी मारकूस कुजूर सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे.. यह आयोजन जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ..
