![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद क्षेत् में सनसनी फैल गई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि तीनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच आक्रोश का माहौल है।
शिकायत मिलते ही रघुनाथनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है तथा घटना से जुड़े वैज्ञानिक एवं अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके अनुरूप भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की विवेचना जारी है।