![]()
संजय गुप्ता/डेस्क_अचूक प्रहार@ सरगुजा संभाग जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र स्थित घोघरा डैम में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया.. डैम में नहाने गई गर्भवती महिला और उसकी एक मासूम बेटी की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली.. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है..
जानकारी के अनुसार परिवार बालाझर स्थित घोघरा डैम घूमने और नहाने पहुंचा था.. इसी दौरान महिला अपनी दोनों बेटियों के साथ पानी में उतरी..
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान तीनों अचानक गहरे पानी की ओर चली गईं और डूबने लगीं.. आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले हादसा हो गया..
संघर्ष के दौरान महिला की एक बेटी किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रही.. बाहर आते ही उसने रोते-बिलखते लोगों को घटना की जानकारी दी.. बच्ची की चीख-पुकार सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण डैम की ओर दौड़ पड़े..
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से डैम में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया.. काफी मशक्कत के बाद गर्भवती महिला और उसकी बेटी के शव पानी से बाहर निकाले गए.. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है..
सूचना मिलने पर पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है..
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.. स्थानीय लोगों ने डैम और जलाशयों के आसपास सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने तथा चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके..!