![]()
संजय गुप्ता/ राजपुर@ बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई.. बताया जा रहा है कि बस से उतरने के दौरान चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन आगे बढ़ा दिया, जिससे बुजुर्ग बस के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई..
मिली जानकारी के अनुसार मृतक दिनेश कोड़ाकू पिछले 2-3 महीनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे.. परिजन उन्हें झाड़-फूंक और इलाज के लिए लेकर जा रहे थे.. शनिवार 17 मई को परिजन मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत संचालित दुर्गा बस क्रमांक CG15EE-9908 से ग्राम सरगड़ी गोविंदपुर से ग्राम ठरकी की ओर जा रहे थे..
बताया गया कि शाम करीब 7:15 बजे ग्राम डिंगो स्थित पायल होटल के पास बस रोकी गई.. मृतक का दामाद पहले बस से उतर गया, जबकि दिनेश कोड़ाकू उतर ही रहे थे.. इसी दौरान उनका एक पैर जमीन पर और दूसरा बस के पायदान पर था.. आरोप है कि चालक ने अचानक लापरवाहीपूर्वक बस आगे बढ़ा दी, जिससे दिनेश कोड़ाकू नीचे गिर पड़े और बस का चक्का उनके शरीर पर चढ़ गया..
हादसे में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई..
सूचना मिलने पर राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी.. वहीं मामले की सूचना एसडीएम राजपुर को भी दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है..