
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ जिले में शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। राजपुर थाना क्षेत्र के सेवारी के पास मुख्य मार्ग पर रात करीब 2 बजे मजदूरों से भरी पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि पिकअप में कुल 10 मजदूर सवार थे। सभी सूरजपुर जिले के नरोला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और टमाटर की खेती के काम के लिए शंकरगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान सेवारी के पास पिकअप की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीन मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सातों गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
इधर, पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।




