![]()
संजय गुप्ता/बलरामपुर@ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) बलरामपुर मंडल की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। संगठन के निर्देशानुसार मंडल स्तर पर टीम का गठन करते हुए कार्यकर्ताओं को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं। इसी क्रम में सक्रिय कार्यकर्ता विजय सिंह को बलरामपुर मंडल का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
यह घोषणा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन एवं सहमति से की गई। नई कार्यकारिणी में कई युवा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
मीडिया प्रभारी बनाए जाने पर विजय सिंह ने संगठन के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि नई कार्यकारिणी के गठन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी से पार्टी की गतिविधियां और अधिक सक्रिय होंगी।