![]()
NEWS DESK/अचूक प्रहार. सूरजपुर@ जिले के बसदेई पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार को एक युवक द्वारा खुलेआम तलवार लहराकर लोगों में भय का माहौल बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है तथा रिमांड की मांग की गई है।
पुलिस द्वारा जारी की गई गई प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 06 अप्रैल 2026 की शाम पुलिस चौकी बसदेई की टीम नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुसमुसी अटल चौक के पास एक युवक नग्न तलवार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान अंकित तिवारी (27 वर्ष), पिता स्वर्गीय अशोक प्रसाद तिवारी, निवासी ग्राम बसदेई चौकी, थाना सूरजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोहे की तलवार बरामद कर गवाहों के समक्ष जब्त करते हुए पंचनामा तैयार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी का यह कृत्य सार्वजनिक शांति भंग करने वाला तथा आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा था।
पुलिस ने आरोपी को 06 अप्रैल को दोपहर 1:10 बजे गिरफ्तार किया तथा इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर 20 अप्रैल 2026 तक न्यायिक रिमांड की मांग की गई है।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में काफी दहशत का माहौल देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।