मोबाइल पर बातचीत और बच्चे को साथ ले जाने की जिद को लेकर हुआ विवाद, लकड़ी के डंडे से सिर पर किया वार…
डेस्क_राजपुर@ बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटागहना में पत्नी के चरित्र पर संदेह और पारिवारिक विवाद के चलते पति द्वारा पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति रामवृक्ष कोरवा उर्फ पिंटू ने कथित तौर पर लकड़ी के डंडे से सिर पर वार कर अपनी पत्नी चिंतामणि कोरवा की हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और मृतिका के कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को ग्राम पंचायत कोटागहना के उपसरपंच अनिल तिवारी ने राजपुर थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल पर बातचीत को लेकर हुआ विवाद
पुलिस की विवेचना में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। घटना के दिन चिंतामणि मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान अपने दो वर्षीय बेटे रयांश को साथ ले जाने की जिद को लेकर भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, विवाद से नाराज होकर आरोपी ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। विवेचना के दौरान हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और मृतिका के कपड़े जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी रामवृक्ष कोरवा उर्फ पिंटू को 17 अक्टूबर 2026 की रात 7 बजकर 10 मिनट पर गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में प्रस्तुत करने हेतु रवाना किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विवेचना जारी है।