डांडगांव में करीब 200 मीटर तक पीछे लुढ़का टैंकर, जलते भट्ठे तक पहुंचा; नीचे दबी ग्राहक की बुलेट!
डेस्क_उदयपुर/डांडगांव@ उदयपुर क्षेत्र के ग्राम डांडगांव में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रायपुर से अंबिकापुर जा रहा तेल टैंकर सड़क किनारे स्थित एक होटल में नाश्ते के लिए रुका था। इसी दौरान टैंकर अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगा और करीब 200 मीटर दूर स्थित दूसरे होटल में जा घुसा। टैंकर सीधे होटल के जलते भट्ठे तक पहुंच गया। गनीमत रही कि इस दौरान आगजनी की कोई घटना नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 11:30 बजे की है। तेल टैंकर चालक नाश्ता करने के लिए सड़क किनारे होटल में रुका था। इसी दौरान टैंकर अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगा। देखते ही देखते टैंकर करीब 200 मीटर दूर दूसरे होटल तक पहुंच गया और वहां जल रहे भट्ठे में जा घुसा। घटना के समय होटल में नाश्ता कर रहे एक ग्राहक की बुलेट मोटरसाइकिल टैंकर के नीचे दब गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
टैंकर के जलते भट्ठे तक पहुंचने से आग लगने की आशंका बढ़ गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए होटल के मिस्त्री ने एहतियातन दोनों भट्ठों की आग बुझा दी। इससे संभावित आगजनी के खतरे को टालने में मदद मिली।

घटना की सूचना मिलने के बाद अदाणी कोल माइंस की फायर ब्रिगेड टीम भी मौके पर तैनात रही। सुरक्षा के मद्देनजर टैंकर के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। नाश्ते के दौरान अचानक टैंकर के पीछे लुढ़कने से हुई इस घटना ने सड़क किनारे भारी वाहनों को खड़ा करते समय सुरक्षा और सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर उजागर कर दिया है।