सड़क निर्माण में गड़बड़ी मिलने पर काम रुकवाया, पहाड़ी कोरवा परिवारों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश!
डेस्क_बलरामपुर@ बलरामपुर जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत जानने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विगत दिवस शंकरगढ़ विकासखंड क्षेत्र का सघन दौरा किया। जिला संयुक्त कार्यालय से शुरू हुआ उनका मैराथन दौरा लगातार 10 घंटे तक चला, जिसका समापन पोड़ी खुर्द के आमापारा स्थित बहुउद्देशीय केंद्र में हुआ। इस दौरान कलेक्टर ने सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की। जहां बेहतर कार्य मिले, वहां सराहना की गई, वहीं लापरवाही सामने आने पर सख्त निर्देश दिए गए।

आंगनबाड़ी में अनियमितता, कार्यकर्ता का मानदेय रोकने के निर्देश
राजपुर विकासखंड के कुंदी खुर्द आंगनबाड़ी केंद्र में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रेडी-टू-ईट और दलिया के भंडारण का पंजी से मिलान किया। इस दौरान अनियमितताएं सामने आईं। पूछताछ में यह भी पता चला कि निर्धारित समय पर उपस्थित बच्चों को नाश्ता नहीं दिया गया था। बच्चों के पोषण से जुड़ी इस लापरवाही पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय रोकने के निर्देश दिए। साथ ही सीडीपीओ को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

सड़क निर्माण में गुणवत्ता की कमी, मौके पर रुकवाया काम
बेलकोना के धारा नगर में हरिनलेटा मार्ग पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सड़क की चौड़ाई, ढलान और एलाइनमेंट की जांच की। गिट्टी का आकार मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया। कार्यपालन अभियंता से फोन पर चर्चा कर संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियंता को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता का भौतिक परीक्षण करने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने को कहा।
महिलाओं की मेहनत से संवर रही आजीविका, टमाटर की खेती से बढ़ी आय
पहाड़ी कोरवा बाहुल्य ग्राम पतरापारा में कलेक्टर ने ग्रामीण महिलाओं द्वारा की जा रही सब्जी की खेती का अवलोकन किया। इस दौरान सोनिया शांडिल्य ने अपनी बाड़ी में उगे ताजे टमाटर कलेक्टर को भेंट किए। कलेक्टर ने प्रतीक स्वरूप एक टमाटर स्वीकार कर महिला के परिश्रम की सराहना की।
एनआरएलएम के ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि क्षेत्र में 18 स्व-सहायता समूह टमाटर की खेती कर रहे हैं, जिनसे 108 सदस्य लाभान्वित हो रहे हैं। इनमें अधिकांश महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि शेष महिलाएं भी इस लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही हैं। क्षेत्र में टमाटर के साथ मिर्च, सेम और गोभी का भी उत्पादन किया जा रहा है।
पहाड़ी कोरवा परिवारों की सुनी समस्याएं
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत चिन्हित ग्राम में कलेक्टर ने पहाड़ी कोरवा परिवारों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने एसडीएम और जनपद सीईओ को समस्याओं को चिन्हित कर त्वरित निराकरण की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि विस्तार को बढ़ावा देने, आंगनबाड़ी के लिए परिवारों का सर्वे कर प्रस्ताव शासन को भेजने तथा पेयजल और बिजली की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने बच्चों से बातचीत कर उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने के लिए प्रेरित भी किया।
घर पहुंचकर जांची नल से जलापूर्ति की स्थिति
जल जीवन मिशन की जमीनी स्थिति जानने कलेक्टर शंकरगढ़ विकासखंड के मानपुर गांव में निर्मल सोनवानी के घर पहुंचीं। उन्होंने घर में लगे नल का निरीक्षण कर परिवार से पानी की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित सब इंजीनियर को प्रत्येक घर तक शत-प्रतिशत जलापूर्ति सुनिश्चित करने और जहां कमियां हैं, वहां तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्कूलों और कृषि सेवा केंद्र का भी किया निरीक्षण
दौरे के दौरान कलेक्टर ने एफपीओ के तहत संचालित कृषि सेवा केंद्र राजपुर, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय राजपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पहाड़ी कोरवा कन्या शिक्षा आवासीय परिसर तथा कुंदी खुर्द और हरिजन पारा के आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया।
दौरे का समापन जिले के अंतिम छोर पर प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत स्थापित आमाकोना बहुउद्देशीय केंद्र में हुआ। यहां कलेक्टर ने संचालित आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पूरे दौरे के दौरान उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।