संजय गुप्ता/अंबिकापुर@ शहर के पंजाब गार्डन के पीछे छह मासूम पिल्लों की कथित रूप से बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने छह नन्हे पिल्लों को मारकर उनके शवों को बोरी में भर दिया। घटना के सामने आने के बाद पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश है। मामले में गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना 13 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। मामले को लेकर बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में अज्ञात लोगों पर छह पिल्लों को बेरहमी से मारने और उनके शवों को बोरी में भरने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और उसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने की मांग की है। साथ ही दोषियों के खिलाफ पशु क्रूरता से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
बेजुबानों के साथ ऐसी क्रूरता पर उठे सवाल
घटना ने एक बार फिर पशुओं की सुरक्षा और उनके प्रति बढ़ती क्रूरता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पशु प्रेमियों का कहना है कि बेजुबान जानवर अपनी पीड़ा किसी को बता नहीं सकते, ऐसे में उनके साथ इस तरह की कथित बर्बरता बेहद अमानवीय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई का इंतजार है। सीसीटीवी फुटेज की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।