डेस्क_बलरामपुर@ डिजिटल व्यवस्था से अब दूरस्थ गांवों के जरूरतमंदों तक भी सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंच रहा है। इसका उदाहरण जनपद पंचायत बलरामपुर की ग्राम पंचायत सरनाडीह के आश्रित ग्राम तुर्रीडीह में देखने को मिला, जहां 90 प्रतिशत दिव्यांग कु. मीना टोप्पो को स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से अंत्योदय राशन कार्ड प्रदान किया गया है। वह जनपद पंचायत बलरामपुर में इस पोर्टल के जरिए अंत्योदय राशन कार्ड प्राप्त करने वाली पहली हितग्राही बनी हैं।
अंत्योदय राशन कार्ड मिलने से अब मीना टोप्पो को पात्रता के अनुसार हर महीने 35 किलोग्राम चावल नियमित रूप से मिलेगा। गंभीर दिव्यांगता के कारण उन्हें सरकारी कार्यालयों तक बार-बार आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। ऐसे में स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से राशन कार्ड बनने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। साथ ही उनके परिवार को खाद्य सुरक्षा का स्थायी सहारा भी मिला है।
घर बैठे मिल रही राशन कार्ड संबंधी सुविधाएं
स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से नागरिक घर बैठे नए राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा परिवार के नए सदस्य का नाम जोड़ने, नाम हटाने और जानकारी में सुधार कराने की सुविधा भी उपलब्ध है। आवेदक अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं।
वहीं राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ई-केवाईसी और ई-पॉस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने सभी पात्र परिवारों से स्मार्ट पीडीएस पोर्टल का लाभ उठाने की अपील की है।