गोवर्धन पूजा के दिन आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम, जंगल में मिला था महिला का शव!
डेस्क_बलरामपुर@ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चांदो थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके ममेरे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते महिला को जंगल में ले जाकर पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मुड़कमपाट (चंचलचुवों) निवासी किशुन नगेशिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव के अशोक नगेशिया ने फोन कर भीतरकोना जंगल में किसी घटना की जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंचने पर किशुन ने अपनी सास पलंगी नगेशिया (46 वर्ष) का शव पेड़ के झुरमुट के नीचे गड्ढे में पड़ा देखा। महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा शव खून से सना हुआ था।
मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 37/2026 दर्ज कर अपराध क्रमांक 42/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना चांदो पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया तथा वैज्ञानिक अधिकारी की सहायता से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतिका पलंगी नगेशिया और आरोपी मदन नगेशिया के बीच करीब दो से तीन माह पहले बच्चों के आपसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। इस दौरान दोनों के बीच गाली-गलौज भी हुई थी। तभी से आरोपी मृतिका से रंजिश रखता था। पुलिस के अनुसार, गोवर्धन पूजा के दिन आरोपी ने हंडिया शराब पीने के बाद पलंगी को जंगल की ओर ले जाकर पत्थर से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी मदन नगेशिया (47 वर्ष), पिता बोमडा नगेशिया, निवासी मुड़कमपाट (चंचलचुवों), थाना चांदो को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।