संजय गुप्ता/अंबिकापुर@ सरगवां स्थित निजी बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र द्वारा हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छात्र के परिजनों की शिकायत और स्कूल प्रबंधन पर लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों के बाद पुलिस ने स्कूल से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में स्कूल के मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा, असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल और एचआर कुणाल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि छात्र बलरामपुर जिले के चलगली क्षेत्र का निवासी है और स्कूल के हॉस्टल में रहकर कक्षा नौवीं में पढ़ाई कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, छात्र हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था और घर जाने की जिद कर रहा था। दो दिन पहले वह हॉस्टल से चला गया था, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन उसे वापस लेकर आया। परिजनों का आरोप है कि छात्र को हॉस्टल में जबरन रोककर रखा गया और प्रताड़ित किया गया। इसी से नाराज होकर छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर किया गया है।
छात्र के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। फिलहाल चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना ने निजी आवासीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अचूक प्रहार | संजय गुप्ता