जीप के पीछे टोचन कर ले जाई जा रही पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराई बाइक, सड़क के गड्ढों से बचने के दौरान हादसे की आशंका; गारंटी अवधि की सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल!
डेक्स _बलरामपुर@ कुसमी नगर के मुख्य मार्ग पर शिवम् मेडिकल स्टोर के सामने रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान आशु टप्पो पिता स्व. सुखचरण (17 वर्ष), निवासी ग्राम रातासिली, थाना कुसमी, जिला बलरामपुर के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान इमरान लकड़ा पिता जुलयानूस लकड़ा (18 वर्ष), निवासी ग्राम रातासिली के रूप में हुई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

जीप के पीछे टोचन कर ले जाई जा रही थी पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में शामिल जीप अंबिकापुर की बताई जा रही है। जीप के पीछे एक पुरानी ट्रैक्टर ट्रॉली टोचन करके ले जाई जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने जीप से साइड लेने का प्रयास किया और पीछे टोचन कर ले जाई जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशु टप्पो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इमरान लकड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सड़क के गड्ढों से बचने के दौरान हादसे की आशंका
दुर्घटना के बाद कुसमी नगर के मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति भी चर्चा में आ गई है। बताया जा रहा है कि संबंधित सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से कराया गया है और सड़क अभी ठेकेदार की गारंटी अवधि में है। इसके बावजूद सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं। स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि सड़क के गड्ढों से बचने के प्रयास में बाइक सवारों ने जीप से साइड लेने की कोशिश की, इसी दौरान बाइक ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई।
यदि सड़क की खराब स्थिति इस दुर्घटना की वजह बनी है, तो यह निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। गारंटी अवधि में सड़क पर गड्ढे होना ठेकेदार की जवाबदेही और लोक निर्माण विभाग की निगरानी व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाता है।
गारंटी अवधि में सड़क की मरम्मत कौन कराएगा?
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सड़क ठेकेदार की गारंटी अवधि में है, तो जगह-जगह बने गड्ढों की मरम्मत क्यों नहीं कराई गई? क्या संबंधित विभाग ने सड़क का निरीक्षण किया है? यदि निरीक्षण किया गया है, तो खराब स्थिति के बावजूद सुधार की कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या विभाग इस दुर्घटना के बाद सड़क की वास्तविक स्थिति की जांच कराएगा और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करेगा?
112 की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए युवक, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। 112 वाहन की सहायता से दोनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने आशु टप्पो को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल इमरान लकड़ा को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। महज 17 वर्ष की उम्र में आशु की असमय मौत से ग्राम रातासिली में शोक का माहौल है। वहीं गंभीर रूप से घायल इमरान के स्वास्थ्य को लेकर परिजन चिंतित हैं। अब पुलिस जांच में दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होने के साथ ही लोक निर्माण विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। जरूरत है कि विभाग सड़क की गुणवत्ता और गड्ढों की स्थिति की जांच कर तत्काल मरम्मत कराए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह की दर्दनाक घटना का सामना न करना पड़े।