डेक्स _बलरामपुर@ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों से अवैध धान की आवक रोकने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। इसी कड़ी में वाड्रफनगर विकासखंड के धनवार बैरियर पर प्रशासनिक टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से लाया जा रहा 120 क्विंटल धान जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक JH 03 AT-8356 में 285 बोरियों में भरकर धान का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान वाहन चालक धान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर तहसीलदार, अतिरिक्त तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक एवं मंडी उप निरीक्षक की मौजूदगी में धान सहित वाहन को जब्त कर लिया गया। जब्त वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी बसंतपुर के सुपुर्द किया गया है।
प्रशासन द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में बनाए गए चेकपोस्ट पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों की टीम दिन और रात गश्त कर अवैध धान परिवहन पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन का कहना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ केवल जिले के वास्तविक किसानों को मिले, इसके लिए अवैध परिवहन और खरीदी केंद्रों में दूसरे राज्यों के धान की खपत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध धान परिवहन या बिक्री की जानकारी मिलती है तो तत्काल नजदीकी राजस्व, खाद्य अथवा पुलिस अधिकारी को सूचित करें।