डेस्क_बलरामपुर@ जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में खड़ी इनोवा कार से 70.390 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और वाहन के फास्टैग की जांच के आधार पर गांजा तस्करी के आरोपी अशोक कुमार यादव (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर जिले का निवासी है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी बसंतपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम फुलीडुमर से महुवारी जाने वाले रास्ते के किनारे एक इनोवा कार काफी समय से लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में मैकेनिक की मदद से वाहन का लॉक खुलवाकर तलाशी ली। इस दौरान कार की डिक्की से भूरे रंग के टेप में लिपटे 18 पैकेट और एक हरे रंग की प्लास्टिक बोरी बरामद हुई। बोरी के अंदर भी इसी तरह के 16 पैकेट रखे हुए थे।
जांच के दौरान सभी 34 पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर कुल 70.390 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 35 लाख 19 हजार 500 रुपये बताई गई। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त इनोवा कार क्रमांक MH 04 DY 9471, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई, को भी पुलिस ने जब्त किया था। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 148/2026, धारा 20(बी)(II)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने इनोवा वाहन में लगे फास्टैग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपी अशोक कुमार यादव की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने इनोवा कार मुंबई के एक व्यक्ति से खरीदी थी, लेकिन वाहन अपने नाम पर ट्रांसफर नहीं कराया था।
आरोपी के अनुसार, जुलाई 2026 में वह अपने अन्य साथियों के साथ ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंचा था, जहां इनोवा वाहन में गांजा लोड किया गया। इसके बाद 22 सितंबर को ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तरप्रदेश गांजा ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाड्रफनगर के आसपास एक सड़क दुर्घटना के कारण आगे चल रही कार के अचानक ब्रेक लगाने से इनोवा पीछे से टकरा गई। इसके बाद आरोपी ने वाहन तेजी से भगाया और छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश सीमा पर पुलिस की मौजूदगी की आशंका के चलते कच्चे रास्ते में वाहन खड़ा कर अपने साथियों के साथ फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। मामले में तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और पहलुओं की जांच जारी है।