डेक्स_बलरामपुर@ बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर स्थित कम्पोजिट विदेशी मदिरा दुकान में 7 लाख 59 हजार 720 रुपये की वित्तीय हेराफेरी के मामले में पुलिस ने फरार सुपरवाइजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शराब बिक्री से प्राप्त राशि बैंक में जमा नहीं कर शासन के राजस्व को नुकसान पहुंचाने और धोखाधड़ी करने का आरोप है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कम्पोजिट मदिरा दुकान वाड्रफनगर का भौतिक सत्यापन 1 मई 2026 से 11 जून 2026 तक ऑडिटर द्वारा किया गया था। सत्यापन के दौरान दुकान के बैंक जमा विवरण और बिक्री राशि का मिलान करने पर 7,59,720 रुपये कम जमा पाए गए। जांच में सामने आया कि दुकान का सुपरवाइजर लाल बिहारी यादव (26 वर्ष) बिक्री से प्राप्त राशि का हिसाब रखता था और कैश कलेक्शन एजेंसी को रकम सौंपने की जिम्मेदारी उसी की थी। आरोप है कि उसने उक्त राशि बैंक में जमा नहीं कराई और बिना सूचना दिए दुकान से फरार हो गया।
इस मामले में आबकारी उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार राजवाड़े की लिखित शिकायत पर 3 जुलाई 2026 को चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत धारा 318(4), 316(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
मामले में लगातार फरार चल रहे आरोपी लाल बिहारी यादव, पिता रामनाथ यादव, निवासी ग्राम कुण्डपान, थाना बभनी, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश), हाल मुकाम ग्राम प्रेमनगर, थाना बसंतपुर को पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय वाड्रफनगर में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। फिलहाल उससे धोखाधड़ी की रकम के संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी बारीकी से जांच की जा रही है।