डेक्स _बलरामपुर@ पक्का मकान और स्थायी पता न होने के कारण कई बार लोगों को बुनियादी सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बलरामपुर तहसील के ग्राम भनौरा निवासी गोपाल सोनी भी ऐसी ही समस्या से जूझ रहे थे। लेकिन स्वामित्व योजना ने उनकी जिंदगी में बदलाव लाने का काम किया है।

गोपाल सोनी के पास न तो कोई पुश्तैनी आवास था और न ही मकान खरीदने के लिए पर्याप्त आर्थिक संसाधन। स्थायी पता नहीं होने के कारण उन्हें पेयजल, बिजली कनेक्शन और आधार कार्ड जैसी बुनियादी सुविधाएं प्राप्त करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। यहां तक कि उनका राशन कार्ड भी निरस्त हो गया था।
ऐसे में स्वामित्व योजना उनके लिए मददगार साबित हुई। योजना के तहत उन्हें अपने मकान का अधिकार अभिलेख यानी प्रॉपर्टी कार्ड प्राप्त हुआ। इससे उनके मकान पर मालिकाना हक सुनिश्चित हुआ और प्रॉपर्टी कार्ड के आधार पर उनका राशन कार्ड भी दोबारा बन गया।
पक्का पता और मकान का अधिकार मिलने के बाद गोपाल सोनी ने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए एक छोटी किराना दुकान शुरू की। इससे उनकी आमदनी में वृद्धि हुई है और अब वे पहले की तुलना में अपने परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण कर पा रहे हैं।
स्वामित्व योजना ने गोपाल सोनी को केवल मकान का मालिकाना हक ही नहीं दिलाया, बल्कि उन्हें नई पहचान, सरकारी सुविधाओं तक पहुंच और आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्रदान किया है।