डेक्स _बलरामपुर@ जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्कूलों में नियमित अध्यापन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. निरापुरे ने मंगलवार को विभिन्न विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों और पाठ्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला पण्डोपारा में प्रधान पाठक सुदेश्वर समट और सहायक शिक्षक गणेश राम राठिया अनुपस्थित पाए गए। इस पर डीईओ ने दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं प्राथमिक शाला गौरापारा, चम्पापुर, कोदाकी और चन्दोरा में शिक्षक उपस्थित मिले।
हाई स्कूल भेंडरी के निरीक्षण के दौरान डीईओ ने शिक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करने तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा कलेक्टर के निर्देश पर डीईओ ने धान खरीदी केंद्र रनहत का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करने को कहा।
डीईओ ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति और नियमित अध्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।