24 चेकपोस्टों पर तैनात अमला रख रहा नजर, संदिग्ध वाहनों की लगातार हो रही जांच!
डेस्क_बलरामपुर@ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी शुरू होते ही जिले में अवैध धान परिवहन पर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ में धान के अवैध प्रवेश को रोकने के लिए लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश से अवैध रूप से धान लेकर आ रहे चार पिकअप वाहनों को पकड़कर जब्त किया गया है। जब्त वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना सनावल के सुपुर्द किया गया है।
प्रकरण में छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से धान खपाने की कोशिश करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर सीमावर्ती राज्यों से धान के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिले में कुल 24 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इनमें रामानुजगंज विकासखंड में 10, वाड्रफनगर में 7, कुसमी में 4 और शंकरगढ़ में 3 चेकपोस्ट शामिल हैं।
इन चेकपोस्टों पर तैनात कर्मचारियों के साथ जिला एवं तहसील स्तरीय उड़नदस्ता दल भी लगातार निगरानी कर रहे हैं। संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर जिले में खपाने की कोशिशों पर रोक लगाई जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध परिवहन रोकने के लिए निगरानी एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।