डेस्क_बलरामपुर@ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 27 नवंबर 2026 को बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रघुनाथनगर में आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने रघुनाथनगर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने हेलीपैड निर्माण के लिए प्रस्तावित आश्रम ग्राउंड का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड निर्माण, सुरक्षा घेरा और आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच, अतिथियों एवं आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, साउंड सिस्टम और साफ-सफाई की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने तथा वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य दल, एम्बुलेंस और अग्निशमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का आपसी समन्वय से समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।