डेस्क_बलरामपुर@ जिले में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जिले की पेयजल योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 772 नल जल योजनाओं में से 511 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। इनमें से 308 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं, जबकि शेष 261 योजनाओं का कार्य प्रगतिरत है। कलेक्टर ने लंबित योजनाओं को निर्धारित गुणवत्ता, मात्रा और मापदंडों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक शुद्ध और नियमित पेयजल पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माणाधीन नल जल एवं समूह नल जल योजनाओं में तेजी लाने और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला की जानकारी देते हुए बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 2,337 जल नमूनों की जांच की गई है। इनमें 1,182 रासायनिक और 1,155 जीवाणु परीक्षण शामिल हैं। इसके साथ ही जल जीवन मिशन 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन, योजनाओं के बेहतर संचालन एवं संधारण और ग्राम स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने के लिए 21 जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स के नामांकन पर भी चर्चा की गई।

कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े पेयजल कार्यों में शासन के निर्धारित मानकों और समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए।
बैठक में समिति के सदस्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता पंकज जैन, उप अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।