टेंडर प्रक्रिया पूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य; 2500 विद्यार्थियों को मिलेगी बेहतर शैक्षणिक सुविधा
डेक्स_बलरामपुर@ रामानुजगंज क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज में अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने 2 करोड़ 91 लाख 22 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। भवन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। दो दिन पूर्व टेंडर खुलने के बाद अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
यह महत्वपूर्ण सौगात स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से मिली है। उनके प्रयासों से महाविद्यालय में लंबे समय से महसूस की जा रही अतिरिक्त भवन की आवश्यकता पूरी होने जा रही है।
गौरतलब है कि शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय वर्ष 1987 से रामानुजगंज क्षेत्र में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। वर्तमान में यहां लगभग 1600 नियमित और 900 स्वाध्यायी सहित कुल 2500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त कक्षों और भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और महाविद्यालय में अध्ययन का वातावरण और अधिक सुविधाजनक बनेगा।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की जनभागीदारी प्रबंधन समिति के विधायक प्रतिनिधि अश्विनी गुप्ता ने कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने अपनी ओर से तथा महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनभागीदारी प्रबंधन समिति एवं पूरे महाविद्यालय परिवार की ओर से मंत्री का धन्यवाद किया।
अश्विनी गुप्ता ने कहा कि रामानुजगंज में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मंत्री रामविचार नेताम का यह प्रयास सराहनीय और दूरदर्शी है। अतिरिक्त भवन का निर्माण क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस भवन के बनने से महाविद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।