Oplus_131072
बलंगी पुलिस ने चोरी के मामले में दो आरोपियों को पकड़ा, 1.29 लाख रुपये से अधिक के जेवरात बरामद; वारदात के बाद आरोपी दूसरे राज्य में जाकर छिप जाते थे!
डेस्क_बलरामपुर@ बलरामपुर जिले में घरों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का बलंगी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 1 लाख 29 हजार 745 रुपये का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 की रात करीब एक बजे ग्राम महोली निवासी प्रार्थी घर के आंगन में सो रहा था। रात करीब डेढ़ बजे जब वह घर के अंदर पहुंचा तो देखा कि तीन नकाबपोश व्यक्ति घर में घुसे हुए थे। प्रार्थी के जागने पर आरोपी मौके से भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी को प्रार्थी ने पकड़ लिया, लेकिन अन्य आरोपी फरार हो गए। आरोपियों ने प्रार्थी के साथ मारपीट भी की और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 91 हजार 616 रुपये बताई गई।

घटना की रिपोर्ट पर बलंगी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चौकी प्रभारी बलंगी के नेतृत्व में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। घटनास्थल का निरीक्षण, प्राप्त साक्ष्य और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को संदेह हुआ कि वारदात में मध्यप्रदेश के शातिर चोर शामिल हैं, जो चोरी के बाद दूसरे राज्य में भाग जाते थे।
जांच के दौरान पुलिस को 22 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मध्यप्रदेश के भैयाथान थाना क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर बलंगी क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के जेवरात बरामद किए गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने का लॉकेट, सोने की चेन, कान के झुमके, चांदी की पायल, अंगूठी सहित अन्य जेवरात और चोरी में इस्तेमाल सामग्री बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत 1 लाख 29 हजार 745 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बलंगी, पुलिसकर्मियों तथा साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।